Today36garh
एजेंसी : कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। कुशीनगर में पडरौना राजघराने से आने वाले आरपीएन सिंह आज ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। आरपीएन सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजने के साथ ट्विटर पर यह भी ऐलान कर दिया है कि वह नए सफर की शुरुआत करने जा रहे हैं। बीजेपी ने भी यह कहकर संकेत दे दिया है कि आज दोपहर 2:30 बजे एक प्रमुख शख्सियत पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
आरपीएन सिंह ने ट्वीट किया, ”आज, जब पूरा राष्ट्र गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जयहिंद।” सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में आरपीएन सिंह ने लिखा है कि वह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने राष्ट्र और लोगों की सेवा करने का मौका देने के लिए सोनिया गांधी को धन्यवाद भी दिया है।