बैगा समाज में प्रभाव रखने वाले लमतु सिंह बैगा भाजपा छोड़कर कांग्रेस में हुए शामिल

Estimated read time 1 min read

कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के समक्ष ली पार्टी की सदस्यता
कवर्धा। कवर्धा विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में कांग्रेस एक के बाद एक भाजपा को झटके पर झटका दिए जा रही है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में प्रवेश का क्रम चल रहा है। इसी क्रम में भाजपा से नाता तोड़कर बैगा समाज पर अपनी पकड़ रखने वाले लमतु सिंह बैगा ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने उनका गमछा पहनाकर कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया।


तरेगांव जंगल व दलदली के आस पास बैगा समाज में लमतु सिंह बैगा का काफी प्रभाव माना जाता है। वे इस क्षेत्र में बैगा समाज को भाजपा के लिए साधने की जिम्मेदारी कई दशकों से निभाते आ रहे हैं। उन्होंने तरेगांव जंगल में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के शाखा के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के समक्ष कांग्रेस प्रवेश कर लिया। बैगा समाज के 15 वर्षों तक जिला अध्यक्ष रहे लमतु सिंह बैगा का भाजपा को छोड़ना एक बड़ी राजनैतिक घटना है। वे 1980 से भाजपा से जुड़े थे तथा पार्टी के लिए लगातार कार्य कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्हें तरेगांव जंगल क्षेत्र में अपने दौरे के बाद अपने साथ अलग-अलग चार बार हेलीकाप्टर में सवार कराकर ले गए थे।
तरेगांव जंगल में एक आयोजित कार्यक्रम में लमतु सिंह बैगा ने बताया कि वे बिना किसी लोभ के कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ रहे है। उन्होंने यह भी कहा कि निस्वार्थ भाव से कांग्रेस से जुड़ने पर किसी को भी आपत्ति नहीं होना चाहिए। उनका इशारा भाजपा के अपने पुराने साथियों की ओर था। लमतु सिंह बैगा का यह भी कहना था कि कांग्रेस में आने का फैसला उन्होंने इसलिए लिया है क्योंकि उन्हें प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में समाज के कमजोर वर्ग के हितों के लिए किए जा रहे कार्य बहुत पसंद आए है। लमतु सिंह बैगा के अनुसार कवर्धा के विधायक व प्रदेश के मंत्री मोहम्मद अकबर की कार्यशैली से वे प्रभावित हुए है। मोहम्मद अकबर का अपने क्षेत्र की जनता से सीधा संपर्क है तथा वे विकास के कार्य लगातार कर रहे हैं।
लमतु सिंह बैगा का स्वागत करते हुए मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ नेता लमतु सिंह बैगा का पूरा सम्मान किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी में सभी लोगों को समान महत्व दिया जाता है। मंत्री अकबर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता समाज सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करते है। लमतु सिंह बैगा के आने से बैगा समाज के विकास के लिए और भी अधिक गति से कार्य किया जाएगा।
कबीरधाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष नीलकंठ चन्द्रवंशी, बोड़ला ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पिताम्बर वर्मा, क्रेडा सदस्य कन्हैया अग्रवाल, बोड़ला ब्लाक कांग्रेस कमटी मीडिया प्रभारी गोरेलाल चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य मुखीराम मरकाम, जिला वनोपज सहकारी यूनियन अध्यक्ष दुखी राम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष अमिता प्रभाती मरकाम, उपाध्यक्ष सनत जायसवाल, जनपद सदस्य राजेश मेरावी, जनपद सदस्य विश्राम मेरावी, दुरपत गढ़ेवाल, सरपंच संघ जिला अध्यक्ष अमर वर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव छबि वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours